home page

होमगार्ड परीक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त स्पेशल रेलगाड़ियों का किया गया संचालन

 | 
होमगार्ड परीक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त स्पेशल रेलगाड़ियों का किया गया संचालन


लखनऊ और मुरादाबाद के बीच चल रही चार ट्रेनों का बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मिलक, रामपुर स्टेशनों पर ठहराव

मुरादाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। यूपी होमगार्ड परीक्षा शनिवार एवं रविवार के अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया गया। अभ्यर्थियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन पर विशेष ध्यान रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में तत्काल निर्णय लेते हुए अतिरिक्त परीक्षा स्पेशल गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।

उत्तर रेलवे मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने आज बताया कि 26 और 27 अप्रैल को गाड़ी संख्या 04351 (लखनऊ– मुरादाबाद) परीक्षा स्पेशल गाड़ी, गाड़ी संख्या 04352 (मुरादाबाद–लखनऊ) परीक्षा स्पेशल गाड़ी, गाड़ी संख्या 04353 (लखनऊ–मुरादाबाद) परीक्षा स्पेशल गाड़ी, गाड़ी संख्या 04354 (मुरादाबाद–लखनऊ) परीक्षा स्पेशल गाड़ी का संचालन हो रहा है। इन सभी रेलगाड़ियों लखनऊ और मुरादाबाद के बीच बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मिलक, रामपुर स्टेशनों पर ठहराव हो रहा है।

सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के अतिरिक्त कंट्रोल रूम द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर स्टेशनों एवं गाड़ियों की मॉनिटरिंग की जा रही है तथा निम्नलिखित स्पेशल गाड़ियों के अतिरिक्त भी आवश्यकता होने पर और अतिरिक्त गाड़ियों के लिए भी रेलवे द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गईं।

26 अप्रैल को दोपहर 13:15 बजे मुरादाबाद स्टेशन से उपरोक्त गाड़ी संख्या 04352 का प्रस्थान हुआ। जिसमें लगभग 1800 अभ्यर्थियों ने सफलता पूर्वक रेलवे टीम की निगरानी में अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।

रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी के अलावा सिविल पुलिस और सदर कोतवाली क्षेत्र की क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया भी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल