home page

हमीरपुर : इचौली-खन्ना मार्ग के नालों में बारिश से आया उफान, छह गांवों का कटा संपर्क

 | 
हमीरपुर : इचौली-खन्ना मार्ग के नालों में बारिश से आया उफान, छह गांवों का कटा संपर्क


50 किमी. का अतिरिक्त चक्कर लगाने को मजबूर ग्रामीण

हमीरपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण मंगलवार को इचौली-खन्ना मार्ग पर स्थित बिछुही और श्याम नाले में उफान आ गया है। जलस्तर बढ़ने से दोनों नालों के रपटों के ऊपर से तेज बहाव में पानी बह रहा है, जिससे आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। बांदा और आसपास के कस्बों तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को अब करीब 50 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

इचौली-खन्ना मार्ग पर मंगलवार को दोनों नालों में पानी का स्तर लगातार बढ़ गया। बिछुही नाले के रपटे पर कमर तक पानी बह रहा है, जबकि श्याम नाले पर भी जलस्तर बढ़ने से आवागमन ठप हो चुका है। इस मार्ग पर पानी भरने से इचौली, नायकपुरवा, जिगनौड़ा, अखबई, सिरसी, रतवा और खंडेह गांवों का दैनिक आवागमन प्रभावित हुआ है।

स्थानीय निवासी सतीश यादव, रामबहादुर और विवेक पाल के अनुसार, नालों में जलस्तर बढ़ने के बाद बांदा और अन्य स्थानों पर जाने के लिए ग्रामीणों को मटौंध या मौदहा होकर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलस्तर घटने तक आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है। इन नालों में जलभराव का मुख्य कारण महोबा जनपद के ऊपरी ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाला जलप्रवाह है। अपर जिलाधिकारी बित्त एवं राजस्व राकेश कुमार ने बताया कि नालो में जल प्रवाह और जलभराव पर नजर रखने व वैकल्पिक व्यवस्था के लिए तहसील मौदहा के अधिकारियों को निर्देश दिए गये है! बताया कि आज शाम संभावित बाढ़ को लेकर कुछेछा स्थित इलाकों का जायजा लिया गया है!

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा