हताश व निराश हो चुकी कांग्रेस काे जनता फिर सबक सिखाएगी : ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी कांग्रेस की गिरती राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद और राजनीतिक विरोध स्वाभाविक हैं, लेकिन विरोध के नाम पर किसी के परिवार और माता-पिता को निशाना बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति व्यक्तिगत टिप्पणियों और उनकी साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर किए गए कटाक्षों से भरा रहा है। कभी उनकी मां को लेकर टिप्पणियां की गईं, तो कभी उनकी पृष्ठभूमि का उपहास उड़ाने का प्रयास किया गया।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति जनहित के मुद्दों से हटकर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित होती दिखाई दे रही है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसका निर्णय ही अंतिम होता है। जनता निश्चित तौर पर आगामी चुनावों में फिर से कांग्रेस और उनके नेताओं को सबक सिखाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

