home page

सुलतानपुर में नवीं कक्षा के छात्र का शव पेड़ से लटका मिला

 | 
सुलतानपुर में नवीं कक्षा के छात्र का शव पेड़ से लटका मिला


सुलतानपुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उगई का पुरवा में रविवार को एक किशोर का शव पेड़ से लटका मिला है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय राज यादव के रूप में हुई है, जो कक्षा नौ का छात्र था। पुलिस को पीआरबी के माध्यम से सूचना मिली कि एक बालक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। मृतक राज यादव पुत्र घनश्याम यादव अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका शव एक नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर, रामकृष्ण चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिससे मौत के वास्तविक कारण का पता चल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त