सीएसजेएमयू के विभिन्न विभागों में दूसरे दिन भी दीक्षारंभ कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन
कानपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में दीक्षारंभ-2026 के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न विभागों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों, प्लेसमेंट, छात्र कल्याण योजनाओं, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विशेषज्ञों और अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, शोध, नेतृत्व क्षमता और करियर निर्माण के प्रति प्रेरित किया।
अटल बिहारी वाजपेई स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने की। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सैयद क़मर हसन रिज़वी मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश रेरा अपीलीय न्यायाधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुनीत कुमार तथा उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता अजय कुमार अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। न्यायमूर्ति रिज़वी ने कहा कि विधि शिक्षा का उद्देश्य समाज में न्याय सुनिश्चित करना है और विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा व संवैधानिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाना चाहिए। न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने साइबर लॉ, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स और आर्बिट्रेशन जैसे उभरते क्षेत्रों में विशेषज्ञता विकसित करने पर जोर दिया। अजय कुमार अग्रवाल ने ईमानदारी और सेवा भाव को सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम में विभाग की निदेशक डॉ. स्मृति रॉय सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक डॉ. अमित कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अनुशासन, परिश्रम और उत्तम चरित्र के महत्व पर प्रकाश डाला। डीन प्रो. संदीप कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्य अतिथि प्रो. सुनील कुमार उपाध्याय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को केंद्रीय पुस्तकालय, एंटी रैगिंग नियम, छात्रावास, एनसीसी, एनएसएस, प्लेसमेंट, नवाचार और विश्वविद्यालय की अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एमबीए, एमएचए और एमकॉम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में रीजेंसी हॉस्पिटल के निदेशक अरुण कपूर मुख्य अतिथि तथा जागरण प्रकाशन लिमिटेड के कंसल्टेंट संजीव अग्निहोत्री विशिष्ट अतिथि रहे। अरुण कपूर ने कहा कि प्रबंधन विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उनके लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। संजीव अग्निहोत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रबंधन कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। निदेशक प्रो. सुधांशु पांडया ने विश्वस्तरीय शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई, जबकि संकायाध्यक्ष प्रो. अंशु यादव ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न केंद्रीकृत सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

