home page

सामौर बाबा धाम हमारे सनातन संस्कृति की पहचान : लक्ष्मी नारायण चौधरी

 | 
सामौर बाबा धाम हमारे सनातन संस्कृति की पहचान : लक्ष्मी नारायण चौधरी


फिरोजाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सामौर बाबा धाम में आयोजित भव्य महोत्सव में शनिवार देर रात्रि तक सुप्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा के भक्ति मय गीतों ने ऐसा समा बांधा कि दूर-दराज क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालु मंत्र मुग्ध होकर भक्तिमय वातावरण में डूब गए। इस सांस्कृतिक और धार्मिक महाकुंभ में न केवल क्षेत्रीय पर्यटन बल्कि सनातन संस्कृति की जड़ों को भी मजबूती प्रदान की है।

महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल और प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सहभागिता की।

इस मौके पर गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि सामौर बाबा धाम हमारे सनातन संस्कृति की पहचान है, हमारे आराध्य सभी के हैं, यही हमारी संस्कृति की सह-हृदयता है। उन्होंने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के 3 हजार मंदिरों का जीर्णोद्धार कराकर सनातन संस्कृति को नया रूप और भव्य स्वरूप प्रदान किया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि मेला सदैव मेल-मिलाप का प्रतीक होता है। सामौर बाबा धाम में आयोजित यह महोत्सव आने वाले समय में सनातन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। जिस तेजी से यहां विकास हो रहा है, यह इलाका जल्द ही एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सनातन संस्कृति से परिचय कराना है, साथ ही आज की युवा पीढ़ी को अति भौतिकता की चकाचोंध से बचाकर अपनी जड़ों से जोड़ना अनिवार्य है, मंदिरों का जीर्णोद्धार केवल निर्माण नहीं बल्कि हमारी विरासत का संरक्षण है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी रमेश रंजन और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य भी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़