सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाती है एचपीवी वैक्सीन- डॉ संतोष गुप्ता
-लखीमपुर खीरी जिले में लगभग 12 हजार 800 किशोरियों को टीकाकरण के सुरक्षा कवच से जोड़ने का लक्ष्य
लखीमपुर खीरी, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने 14 वर्ष पूर्ण कर चुकीं और 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुकीं बालिकाओं के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया है।
इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत लखीमपुर खीरी जिले में लगभग 12 हजार 800 किशोरियों को टीकाकरण के सुरक्षा कवच से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि भविष्य में उन्हें इस जानलेवा बीमारी के खतरे से पूरी तरह महफूज रखा जा सके। उन्होंने आम जनमानस से अपनी बच्चियों को इस लगवाने की अपील भी की है।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों की संयुक्त टीमों के माध्यम से इस अभियान को जिले के गांव-गांव और सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों और जिला महिला अस्पताल समेत विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने आम जनमानस से अपील की है कि एचपीवी वैक्सीन अपनी बच्चियों को जरूर लगवाएं यह पूरी तरह से सुरक्षित है। अब तक जनपद में कुल 375 किशोरियां इस वैक्सीन को लगवा चुकीं है और वह स्वस्थ है। निजी क्षेत्र में इस वैक्सीन की कीमत 4000 रुपए से अधिक है, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे पूरी तरह से निशुल्क लगवा रहा है। यह आपकी बच्ची को बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से सुरक्षित रखती है उसके खतरे को कम करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

