home page

समदृष्टि स्कूल का उद्देश्य शिक्षार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें : सज्जन गुरूजी

 | 
समदृष्टि स्कूल का उद्देश्य शिक्षार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें : सज्जन गुरूजी


मुरादाबाद, 11 अगस्त (हि.स.)। सतयुग दर्शन ट्रस्ट के मार्गदर्शक सज्जन गुरु मंगलवार को सतयुग दर्शन सत्संग हॉल रामगंगा विहार में पहुंचे। ट्रस्ट की बैठक और सत्संग को संबोधित किया। बैठक में बताया गया कि मुरादाबाद शहर में एक नई एवं सार्थक पहल के रूप में ‘सम्भाव समदृष्टि स्कूल’ का शुभारंभ आगामी 20 दिसंबर को रामगंगा विहार, मुरादाबाद में किया जाएगा।

सज्जन गुरु ने बताया कि सम्भाव समदृष्टि स्कूल का उद्देश्य शिक्षार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनके समग्र व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक सोच, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, जीवन-कौशल एवं आध्यात्मिक ज्ञान को विकसित करने के लिए एक प्रेरणादायी एवं संवेदनशील शैक्षिक वातावरण प्रदान करना है।

सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने इस स्कूल की परिकल्पना ऐसी शिक्षा व्यवस्था के रूप में की है, जहाँ सर्वजन को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार, मानवीय मूल्यों और भारतीय संस्कृति का समन्वय इस स्कूल की प्रमुख विशेषताओं में शामिल हैं, जिसका दिसंबर माह में धूमधाम से शुभारंभ होगा। इसमें शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों तथा शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

इस अवसर पर विद्यालय की शैक्षिक दृष्टि, उद्देश्य एवं भावी योजनाओं से भी सभी को अवगत कराया जाएगा। सम्भाव समदृष्टि के स्कूल का शुभारंभ क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं मूल्यपरक शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सतयुग दर्शन ट्रस्ट प्रबंधन का विश्वास है कि यह संस्थान विद्यार्थियों को ज्ञानवान, संस्कारवान, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अतः इसका लाभ प्राप्त करने के लिए आप सभी इसमें अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं l

किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9368296230 स्थान सत्संग हॉल डी-10 रामगंगा विहार प्रथम में संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने पहुंचकर सज्जन गुरु का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्य राजकुमार आहुजा, हरीश सिक्का, सचिन सोनी आदि उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल