सनातन धर्म के लिए धर्म परिवर्तन और लव जिहाद सबसे बड़ा खतरा : अश्विन चौबे
--पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने श्रृंगवेरपुर धाम के चतुर्दिक विकास पर दिया जोर
प्रयागराज, 27 अप्रैल (हि.स)। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विन चौबे सोमवार को श्रृंगवेरपुर धाम के जगदगुरू नारायणाचार्य शांडिल्य महाराज के श्रृंगवेरपुर धाम स्थित आश्रम पहुंचे और आशीर्वाद लिया। इस दौरान जगदगुरू शांडिल्य महाराज और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विन चौबे ने सनातन धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार और संरक्षण पर जोर दिया। जिससे कि सनातन धर्म पर जो खतरा मंडरा रहा है उसे सभी के सहयोग, एकता और विश्वास से दूर किया जा सके।
इस अवसर पर अश्विन चौबे ने कहा कि सनातन धर्म के लिए धर्म परिवर्तन और लव जिहाद सबसे बड़ा खतरा है। ऐसे में सनातन धर्म के लोगों को समय रहते जागरूक करके उनको सनातन धर्म से जोड़ा जाए और गुमराह होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की बेटियां किसी बाहरी पर भरोसा न करें, बल्कि बाहरी लोगों पर किसी भी प्रकार का भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि आज के सामाजिक दौर में जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय और सशक्त मंत्र है। उन्होंने कहा कि संत, महात्मा सनातन धर्म के लोगों को जागरूक करते हुए सामाजिक सम्बंधों को और मजबूत कर सकते हैं, जिससे कि धर्मान्तरण पर सख्ती से रोक लग सके और ऐसा कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम का चतुर्दिक विकास प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देख-रेख में हो रहा है। उन्होंने कहा श्रृंगवेरपुर धाम का प्राचीनकाल से विशेष महत्व है जो आज भी है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में भगवान श्रीराम ने सर्व समाज का संदेश विश्व समुदाय के लोगों को यहीं से दिया था।
जगदगुरू शाडिल्य महाराज ने सनातन धर्मावलंबियों को जागरूक करने और धर्म को संरक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धर्म शाश्वत और अंतिम सत्य है, ऐसे में किसी के बहकावे या लालच में आकर अपना धर्म न छोड़ें। क्योंकि सनातन धर्म सबसे प्राचीन और शाश्वत है। उन्होंने कहा कि आदमी के अंतिम समय में उसके साथ उसका धर्म जाता है और वही उसका पुण्य होता है।
इस दौरान प्रमुख लोगों में डॉ शिव प्रसाद मिश्रा, डॉ दुर्गेश तिवारी, वेद प्रकाश तिवारी, पवन पांडे, अमित द्विवेदी, सहकारी संघ के अध्यक्ष कृष्ण चन्द्र पांडे, कुलदीप नारायण तिवारी, अंजनी पांडे, लव कुश यादव, हरिकेश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

