home page

संसद परिसर में विपक्ष के राजनीतिक प्रदर्शन ने पूरे देश को किया शर्मसार : पंकज चौधरी

 | 
संसद परिसर में विपक्ष के राजनीतिक प्रदर्शन ने पूरे देश को किया शर्मसार : पंकज चौधरी


लखनऊ, 31 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद परिसर में विपक्ष द्वारा शुक्रवार को किए गए प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र के सर्वोच्च मंदिर कहे जाने वाले संसद परिसर में आज जिस प्रकार की राजनीति का प्रदर्शन किया गया, उसने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, पूज्य संतों, पुजारियों और करोड़ों रामभक्तों की आस्था का घोर अपमान है।

पंकज चौधरी ने कहा कि संसद देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं और गरिमा का सर्वोच्च प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थान पर धार्मिक प्रतीकों, परंपराओं और आस्थाओं का उपहास उड़ाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार सनातन विरोधी मानसिकता का परिचय देते रहे हैं। जब-जब उन्हें राजनीतिक अवसर दिखाई देता है, तब-तब वे भारत की प्राचीन परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक प्रतीकों का अनादर करने से पीछे नहीं हटते। यह उनकी उसी सोच का परिणाम है, जिसमें वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की आस्था और संस्कृति तक को निशाना बनाया जाता है।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए युग में प्रवेश कर रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो, काशी विश्वनाथ धाम का दिव्य स्वरूप हो या महाकाल लोक का विकास—देश अपनी सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ रहा है। यही कारण है कि विकास और राष्ट्र निर्माण की इस सकारात्मक राजनीति से निराश विपक्ष अब जनता के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय धार्मिक आस्थाओं का उपहास उड़ाकर राजनीतिक लाभ लेने का असफल प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की जनता सनातन संस्कृति का सम्मान करती है और संसद की गरिमा को सर्वोपरि मानती है। संसद परिसर में इस प्रकार का आचरण न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला भी है। देश की जनता ऐसे आचरण को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करे, संसद की गरिमा बनाए रखे तथा देश की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ करने से बाज आए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की जागरूक जनता ऐसे कृत्यों का लोकतांत्रिक तरीके से उचित उत्तर देगी और राष्ट्रहित, संस्कृति तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में मजबूती से खड़ी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन