संविधान के आदर्शों को आत्मसात कर निष्ठा से निभाएं दायित्व : डीएम
औरैया, 26 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराकर संविधान के प्रति निष्ठा एवं समर्पण की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों को आत्मसात कर अपने शासकीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता का अधिकार प्रदान करने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित संप्रभुता, समाजवाद, पंथनिरपेक्षता, लोकतंत्र एवं गणराज्य जैसे आदर्श राष्ट्र की मूल भावना को प्रदर्शित करते हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान के आदर्शों का सम्मान करे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी संविधान के मूल्यों को अपनी कार्यशैली में शामिल करना चाहिए।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उप मजिस्ट्रेट अरसला नाज, ए-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

