home page

शारदीय नवरात्र शुरू, देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

 | 
शारदीय नवरात्र शुरू, देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु


शारदीय नवरात्र शुरू, देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु


कानपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र की शुरुआत रविवार से हो गई। पहले दिन शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के साथ ही दर्शन की व्यवस्था भी की गई।

शहर के माता तपेश्वरी मंदिर, बुद्धा देवी मंदिर, काली मंदिर, वैभव लक्ष्मी मंदिर, जंगली देवी मंदिर, बारादेवी मंदिर और कात्यायनी देवी मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। नवरात्र के पहले दिन पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के चलते मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा की और मां के चरणों में शीश नवाया।

पुजारी राम लखन ने बताया कि नवरात्र को देखते हुए मंदिर की ओर से स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिरों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मंदिरों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप