विषैले जंतु के काटने की आशंका, उपचार में देरी से छात्रा की मौत
सुलतानपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के थाना क्षेत्र के बनगवांडीह (बेरूका) गांव में शनिवार रात विषैले जंतु के काटने की आशंका के बीच एक छात्रा की मौत हो गयी।
थाना क्षेत्र के बनगवांडीह (बेरूका) गांव में बीती रात पायल सिंह (13) पुत्री पवन सिंह निवासी निरालानगर, अपनी बहनों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान उसे किसी विषैले जंतु ने काट लिया। जानकारी होने पर परिजन पहले झाड़-फूंक के लिए उसे ले गए। बताया गया कि उसके दादा राम अजोर सिंह उर्फ पुजारी ने भी शुरुआत में झाड़-फूंक की। बाद में परिजनों को सर्पदंश की आशंका हुई तो वे उसे उपचार के लिए कादीपुर क्षेत्र के करपीरामपुर ले गए।
वहां से राहत नहीं मिलने पर परिजन पायल को जिला अस्पताल सुलतानपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। अखण्डनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने रविवार को बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई में सहयोग के लिए एक आरक्षी को जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। लिखित तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना में विषैले जंतु के काटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

