home page

लखनऊ में बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं को बांटी लाठियां, पुलिस से निपटने की तैयारी

 | 
लखनऊ में बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं को बांटी लाठियां, पुलिस से निपटने की तैयारी


लखनऊ, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते दिनों कोर्ट के आदेश पर वकीलों के चैंबरों पर बुलडोजर एक्शन और पुलिस की लाठीचार्ज का विरोध थम नहीं रहा है। इस कार्रवाई से नाराज अधिवक्ता कार्य बहिष्कार के साथ लगातार नई-नई रणनीति अपना आंदोलन जारी किए हुए हैं। इसी क्रम में शनिवार को बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के बीच में लाठियां बांटी गई हैं। मान जा रहा है कि इनसे अब अधिवक्ता भी पुलिस से दो-दो हाथ करने की तैयारी में हैं।

लखनऊ में अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच का तनाव गहराता जा रहा है। आज अपने विरोध का क्रम जारी रखते हुए कचहरी में बार एसोसिएशन के हाल में अधिवक्ताओं का हुजूम जुटा। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ताओं को लाठियां बांटी गई। बताया जा रहा है कि यहां वकीलों को करीब 600 लाठियां दी गई हैं। इसके पीछे पुलिस से मुकाबला करने की बात सामने आई।

लखनऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद नारायण शुक्ला (जीएन शुक्ला 'चच्चू') ने बताया कि पुलिस ने बर्बरता पूर्वक अधिवक्ताओं को पीटा था। हम इसका विरोध करते हैं और चुप नहीं बैठेंगे। हमारे साथ जैसा किया गया है अब हम भी वैसा ही करने को तैयार हैं। लाठी वितरण में महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव (जीतू) एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव के साथ अन्य पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ जिला न्यायालय में इस वक़्त हड़ताल चल रही है। कामकाज ठप है। अधिवक्ताओं का चैंबर्स तोड़े जाने और बुलडोजर की कार्रवाई से भयंकर नाराजगी है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि हाईकोर्ट के आदेश में केवल 72 चैंबरों को हटाने का निर्देश दिया था, जबकि कार्यवाही में सैकड़ों चैंबर तोड़ने का आरोप लगाया है। इस कथित कार्रवाई को लेकर अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। पुलिस को इस दौरान लाठीचार्ज करना पड़ा था। अब बदला लेने का ऐलान हुआ है। इन लाठियों को बांटने पीछे ऐसा बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा