लक्ष्मण टीला की न्यायिक लड़ाई लड़ रहे ऋषि त्रिवेदी जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मिलकर लिया आशीर्वाद
न्यायिक लड़ाई में विजयी भव का दिया आशीर्वाद, चर्चा के लिये बुलाया चित्रकूट
लखनऊ, 07 जून (हि.स.)। लक्ष्मण टीला की मुक्ति को लेकर न्यायिक लड़ाई लड़ रहे अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने रविवार को यहां तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरू राम भद्राचार्य से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया और उन्हें लक्ष्मण टीला मुक्ति से संबंधित स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि जगद्गुरू राम भद्राचार्य ने लक्ष्मणनगरी में चल रही कथा में लक्ष्मण टीला में भव्य मन्दिर बनने और न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात रखी है। जगद्गुरू राम भद्राचार्य के इस कथन के बाद आज सुबह लक्ष्मण टीला को लेकर सड़क से लेकर न्यायिक लड़ाई लड़ने वाले अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी और प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष चन्द्रमौलि शुक्ल न्यायिक लड़ाई में न्यायालय में पक्ष रखने के लिये जगद्गुरू रामभद्राचार्य से मिलने पहुंचे। इस दौरान जगद्गुरू राम भद्राचार्य ने लक्ष्मण टीला की मुक्ति को लेकर चल रही न्यायिक लड़ाई को और मजबूती के साथ लड़ने के लिये के लिये पक्षकारों ऋषि त्रिवेदी, धनवीर आदि को वार्ता के लिये चित्रकूट आमंत्रित किया।
मुलाकात के बाद त्रिवेदी ने बताया कि लक्ष्मण टीला में पूजा के अधिकार को लेकर निचली अदालत और हाईकोर्ट लखनऊ खण्डपीठ में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में विकास के नाम पर लक्ष्मण टीला पर अवैध निर्माण कार्य के ध्वस्तीकरण की मांग को लेकर वाद विचाराधीन है।
त्रिवेदी ने जगद्गुरू राम भद्राचार्य का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि उन्होंने लक्ष्मण टीला मामले को व्यासपीठ से उठाकर एक मजबूती प्रदान की है और उम्मीद है कि भगवान श्रीराम जन्मभूमि और भोजशाला की तरह न सिर्फ जल्द ही लक्ष्मण टीला पर भव्य मन्दिर का निर्माण के साथ हिन्दू समाज को पूजा का अधिकार मिलेगा, बल्कि वहां हुये अवैध निर्माण का जल्द से जल्द ध्वस्त किया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

