home page

राम मंदिर चढ़ावा मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : साध्वी निरंजन ज्योति

 | 
राम मंदिर चढ़ावा मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : साध्वी निरंजन ज्योति


कानपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बातें शनिवार को कानपुर दौरे पर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहीं।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर देशवासियों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। कुछ लोगों की कथित गलती के कारण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस प्रकरण पर नजर बनाए हुए हैं। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो पूरी निष्पक्षता के साथ जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने तथा जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील की।

इसी दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने केशवपुरम, आवास विकास स्थित लीला हॉस्पिटल का फीता काटकर शुभारंभ भी किया। उद्घाटन समारोह में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी समेत शहर के तमाम चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अस्पताल के निदेशक डॉ. शिवम श्रीवास्तव और डॉ. नीलू श्रीवास्तव ने बताया कि लीला हॉस्पिटल अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल है, जहां जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी समेत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी, आधुनिक आईसीयू, एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर तथा विभिन्न टीपीए की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

इस अवसर पर साध्वी निरंजन ज्योति ने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त ऐसे संस्थान समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अस्पताल कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उपचार का भरोसेमंद केंद्र बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप