home page

राजभाषा का प्रयोग एवं प्रसार निरंतर करते रहने की आवश्यकता : प्रेमशंकर झा

 | 
राजभाषा का प्रयोग एवं प्रसार निरंतर करते रहने की आवश्यकता : प्रेमशंकर झा


मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद में राजभाषा पखवाड़े का गरिमामय समापन समारोह संपन्न

मुरादाबाद, 30 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद में आज राजभाषा पखवाड़े के समापन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। यह पखवाड़ा अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रेमशंकर झा तथा राजभाषा अधिकारी अशोक कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।अपर मंडल रेल प्रबंधक अधिकारी प्रेमशंकर झा ने कहा कि राजभाषा का प्रयोग एवं प्रसार इसी प्रकार निरंतर करते रहने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर वर्ष भर एवं पखवाड़े के दौरान सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा नीतियों के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए विभिन्न विभागों, स्टेशनों और रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस पखवाड़े में कर्मचारियों की कार्यकुशलता और भाषाई दक्षता को प्रोत्साहित करने के लिए निबंध लेखन, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, वाक् (आशुभाषण), क्विज़ प्रतियोगिता तथा हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने राजभाषा हिंदी के प्रसार और प्रशासनिक कार्यों में इसके सरल एवं प्रभावी उपयोग पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन ज्ञान प्रकाश चौहान, सहायक कार्मिक अधिकारी द्वारा विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

प्रमुख पुरस्कार एवं सम्मान -

प्रतियोगिताओं के विजेता : उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शाखा राजभाषा शील्ड : राजभाषा के अधिकतम एवं उत्कृष्ट प्रयोग के लिए संरक्षा शाखा को प्रतिष्ठित 'राजभाषा शील्ड' प्रदान की गई।

स्टेशन राजभाषा शील्ड : स्टेशन राजभाषा समितियों में उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन के लिए मुरादाबाद रेलवे स्टेशन को 'राजभाषा शील्ड' से सम्मानित किया गया।

व्यक्तिगत एवं शाखा पुरस्कार : दैनिक रेल परिचालन एवं प्रशासनिक कार्यों में हिंदी का प्रशंसनीय प्रयोग करने वाले सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल