home page

योगी सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार किया : अनिल कुमार

 | 
योगी सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार किया : अनिल कुमार


मुरादाबाद, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर-कमलों द्वारा शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय के भुगतान/वितरण का शुभारम्भ एवं शिक्षा मित्रों के सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पंचायत भवन सभागार में किया गया। इस अवसर पर उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री /जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने समस्त शिक्षा मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रदेश सरकार द्वारा 18 हजार कर दिया गया है।

प्रभारी मंत्री ने शिक्षामित्रों को बढे़ हुए मानदेय रुपये 18 हजार के सांकेतिक चेक वितरित किए और कहा कि सभी शिक्षामित्रों के खाते में प्रदेश सरकार द्वारा बढ़े हुए मानदेय के अनुुसार भुगतान कर दिया है।

प्रभारी मंत्री ने आगे कहा कि शिक्षामित्रों का 1999 में चयन हुआ था, तब 3500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा था, पूर्व की सरकारों ने शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने के संबंध में कोई बात नही की, किन्तु वर्तमान प्रदेश सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18000 कर दिया है और शिक्षामित्रों के लिए निःशुल्क इलाज हेतु 5 लाख रुपये तक की कैशलैस सुविधा भी प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मानदेय प्राप्त करने वाले सभी शिक्षामित्र बच्चों की प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में बहुत सुधार एवं व्यापक परिवर्तन हुआ है। जनपद मुरादाबाद में 1408 परिषदीय विद्यालय हैं। जनपद के 100 परिषदीय विद्यालयों में नक्षत्रशाला विकसित की गयी है, हमारे विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की प्रेरणा से मुरादाबाद को नक्षत्रशाला प्रदान की गई है। इससे छात्रों को विज्ञान को जानने एवं आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आज शिक्षामित्रों को बहुत बड़ी सौगात प्रदान की है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डा शेफाली सिंह चौहान, महापौर विनोद अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद डा. जयपाल सिंह व्यस्त व गोपाल अंजान, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के साथ साथ मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा जनपद के शिक्षामित्र गण उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल