मेधावी बच्चों को मिला सम्मान, सनातन परंपरा के साथ हुआ कन्या पूजन : आकांक्षा गुप्ता
कानपुर, 14 जून (हि.स.)। मेधावी बच्चों का सम्मान और सनातन संस्कृति के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य श्री लाड़ली जी परिवार निरंतर करता रहेगा। यह बातें रविवार को परिवार की अध्यक्ष आकांक्षा गुप्ता एवं महामंत्री अंजू खन्ना ने कही।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री लाड़ली जी परिवार द्वारा मनीराम स्थित बम्बईया धर्मशाला में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, विधायक अमिताभ बाजपेयी और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व पार्षद नीना अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिवार की अध्यक्ष आकांक्षा गुप्ता एवं महामंत्री अंजू खन्ना द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं देश और समाज का भविष्य हैं। ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ता है और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने शिक्षा और संस्कार को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए श्री लाड़ली जी परिवार के इस प्रयास की सराहना की।
सम्मान समारोह के उपरांत परिवार के सदस्यों ने सनातन परंपरा के अनुरूप कन्याओं का पूजन-अर्चन किया। कन्याओं के चरण धोकर तिलक लगाया गया, आरती उतारी गई तथा उन्हें उपहार स्वरूप चांदी के नोट भेंट किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की।
परिवार की अध्यक्ष आकांक्षा गुप्ता एवं महामंत्री अंजू खन्ना ने बताया कि यह परिवार प्रेमानंद महाराज की प्रेरणा से स्थापित किया गया था। परिवार का उद्देश्य समय-समय पर सनातन संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करना है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष छठी महोत्सव, मेधावी सम्मान समारोह सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में परिवार से लगभग 1500 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जो विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभा रही हैं।
कार्यक्रम में ग्रीष्म अवस्थी, अध्यक्ष आकांक्षा गुप्ता, महामंत्री अंजू खन्ना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता गुप्ता, कोषाध्यक्ष सन्नो चौरसिया, वरिष्ठ मंत्री प्रिया वर्मा, मंत्री शिवानी खन्ना, पलक खन्ना, रूचि मल्होत्रा, गुनिका गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं परिवारजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

