मुरादाबाद में दिखा काेहरा, सूर्यदेव के दर्शन से छटा
जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस
मुरादाबाद, 11 दिसंबर (हि.स.)। मौसम में उतार चढ़ाव के लगातार बने हुए सिलसिले के बीच गुरुवार को दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। महानगर के कई मोहल्लों और कालोनियों में आज सुबह 11 बजे तक काफी घना कोहरा छाया रहा। 11 बजे सूर्यदेव के दर्शन के बाद भोर से छाया कोहरा हट गया। राजकीय इंटर कालेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार गुरुवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ प्रो. ए.के. सिंह ने बताया कि दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में ठंड अपने पैर पासरती जा रही है। रात्रि के न्यूनतम तापमान में करीब औसतन 6 डिग्री तक गिरावट आई है। घने कोहरे के बीच ओस की टपकती बूंदों ने जगह-जगह लोगों को अलाव/आग जलाने को मजबूर किया। वातावरण में नमी बढ़ने की वजह से आज धुंध और कोहरा छाया रहा। रात का न्यूनतम तापमान और घट गया।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को भी सुबह 11 बजे तक कोहरा और हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन के समय धूप खिली रहेगी। दिन के अधिकतम और रात के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष अंतर नहीं आएगा।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

