home page

मुरादाबाद : मजदूर यूनियन ने रेल कर्मचारियों से जुड़े 27 मुद्दाें पर की रेल प्रशासन से चर्चा

 | 
मुरादाबाद : मजदूर यूनियन ने रेल कर्मचारियों से जुड़े 27 मुद्दाें पर की रेल प्रशासन से चर्चा


-उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन की दो दिवसीय मंडल स्तरीय स्थायी वार्ता तंत्र सम्पन्न

मुरादाबाद, 19 सितम्बर (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय मुरादाबाद के मनन सभागार में उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) की दो दिवसीय मंडल स्तरीय स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) में रेल कर्मचारियों से जुड़े 27 महत्वपूर्ण मुद्दे रेल प्रशासन के सामने रखे गए। सबसे महत्वपूर्ण विषय मृतक आश्रितों को नियुक्ति तक चिकित्सा सहायता और कैंसर मरीजों को 75 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता संबंधी मांग पर रेल प्रशासन ने इस पर सहमति जताई।

बैठक में पहली बार पूरी पीएनएम प्रक्रिया को लाइव किए जाने की वात भी यूनियन ने कही। पीएनएम में आईओडब्ल्यू के 87 सरप्लस कर्मचारियों की पोस्टिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इनके शीघ्र पोस्टिंग आदेश जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में महिला ट्रैकमैनों के कोटि परिवर्तन और प्वाइंट्समैन कैडर रिस्ट्रक्चरिंग में पदोन्नति आदेश जारी करने पर भी कार्रवाई का भरोसा दिया गया। पारिवारिक पेंशन के निरस्त मामलों पर दोबारा विचार करने, परिवार के सभी सदस्यों के आधार के अनुसार आय की आय प्रमाणपत्र में जोड़ने की समीक्षा और अनुकंपा नियुक्ति में पात्रता व योग्यता के आधार पर नियुक्ति के लिए आदेश जारी करने पर सहमति बनी।

कर्मचारियों को सुविधाओं से जुड़े मुद्दों में कपूर कंपनी क्षेत्र में मल्टी-फंक्शनल हॉल विकसित करने और मनोकामना मंदिर के पास फूड कार्ट लगाने की व्यवस्था करने का मामला भी शामिल रहा। रेलवे परिसरों में अधिवक्ताओं के अनधिकृत कब्जे पर नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की बात कही गई।

रनिंग स्टाफ से जुड़े मामलों में मालगाड़ी के ड्राइवर की मेल ट्रेन में बुकिंग पर 30 प्रतिशत रेलवे अलाउंस देने पर सहमति बनी। इन-रूट क्रू चेंज कम करने का मुद्दा भी स्वीकार किया गया। यूनियन के अनुसार पीएनएम में मुद्दों को केवल उठाने के बजाय उन्हें निर्णय और क्रियान्वयन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मंडल सचिव धर्मवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष एसके उपाध्याय, मंडल कार्यकारिणी अध्यक्ष संजय माथुर समेत यूनियन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। रेल प्रशासन की ओर से डीआरएम विनीता श्रीवास्तव, एडीआरएम प्रेम शंकर झा, सीनियर डीओएम आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम महेश यादव आदि मौजूद रहे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल