मुरसान से राष्ट्रीय लोकदल की स्वाभिमान पदयात्रा का शुभारंभ, जुटे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता
हाथरस, 21 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हाथरस जनपद के मुरसान कस्बे से स्वाभिमान पदयात्रा का शुभारंभ किया। पदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित हुए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के विचारों एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। पदयात्रा के माध्यम से लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को सुनने तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्याम सिंह प्रधान, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार उर्फ गुड्डू चौधरी, जिला अध्यक्ष युवा नेता प्रवीन कुमार पौनिया सहित राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पदयात्रा के शुभारंभ के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने पदयात्रा का स्वागत किया। नेताओं ने कहा कि स्वाभिमान पदयात्रा का उद्देश्य कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

