मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से गंभीर रोगियों के इलाज के लिए 19.12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत
जौनपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जिले के नौ मरीजों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से कुल 19 लाख 12 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव के प्रयास से उपलब्ध कराई गई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महंगे इलाज के बीच मिली इस सहायता से बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सिद्दीकपुर निवासी सुनील कुमार पाल को बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में उपचार के लिए 2.50 लाख रुपये तथा तारापुर निवासी डब्लू को होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल में इलाज के लिए 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी क्रम में ताहिरपुर निवासी विनय कुमार सिंह को केजीएमयू लखनऊ के लिए 1 लाख 67 हजार 500 रुपये, सैदपुर गडउर निवासी दूधनाथ को एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हेल्थ केयर के लिए 2.50 लाख रुपये और नदियापार निवासी श्याम जी को बीएचयू कैंसर सेंटर के लिए 75 हजार रुपये की सहायता मंजूर हुई है। वहीं मंडी नसीब खां निवासी पप्पू और उर्दू बाजार निवासी आशीष जायसवाल को एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हेल्थ केयर में उपचार के लिए 2.50-2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। पचोखर निवासी संगीता कुमारी को एम्स में उपचार के लिए 1.20 लाख रुपये तथा तारापुर निवासी आजाद को बीएचयू कैंसर सेंटर में इलाज के लिए 2.50 लाख रुपये की सहायता मिली है।
इस संबंध में शुक्रवार को बात करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, सहायता प्राप्त लोगों ने सहायता स्वीकृत होने पर मरीजों के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रति आभार जताया। परिजनों ने कहा कि महंगे इलाज के बीच मिली आर्थिक मदद से उन्हें बड़ी राहत मिली है और मरीजों का उपचार जारी रखने में मदद मिलेगी।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

