मुकदमों और लेन-देन की निष्पक्ष जांच की मांग : धीरज चड्ढा
कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। कथित वसूली के लिए दबाव बनाने और अलग-अलग लोगों से जुड़े मुकदमों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए रविवार को सनातन मठ मंदिर रक्षा समिति के समाजसेवी धीरज चड्ढा ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्हाेंने तमाम प्रकार के आराेप लगाएं।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त से शिकायत में अधिवक्ता अमित कुमार गुप्ता, आशीष शुक्ला उर्फ बिल्लू एडवोकेट, विनोद गुप्ता उर्फ बिन्नू, जितेंद्र वाजपेई उर्फ जीतू पार्षद परमट और नवनीत मिश्रा के नाम का उल्लेख किया गया है। धीरज चड्ढा ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ करीब चार लाख रुपये को लेकर दबाव बनाया गया। उन्होंने शिकायत के साथ पुलिस को कुछ दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं।
धीरज ने शिकायत में धारा 138 एनआई एक्ट के तहत दाखिल किए गए कुछ परिवादों का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, एम. शौएब आलम से जुड़े वर्ष 2023 के मामले में करीब दो लाख रुपये और दो लाख रुपये के चेक से संबंधित विवाद का जिक्र है। वहीं, एम. फैसल से जुड़े वर्ष 2025 के मामले में आठ लाख रुपये के चेक के आधार पर परिवाद दाखिल किए जाने की बात कही गई है।
इसके अलावा कुंदन मिश्रा से जुड़े वर्ष 2024 के मामले में दो लाख रुपये की रकम और चेक से संबंधित विवाद का भी शिकायती पत्र में उल्लेख है। धीरज चड्ढा ने आरोप लगाया कि इन मामलों में आशीष शुक्ला उर्फ बिल्लू और विनोद गुप्ता उर्फ बिन्नू की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की है।
धीरज चड्ढा ने पुलिस आयुक्त से संबंधित परिवादों, बयानों और दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए वास्तविक लेन-देन और मुकदमे दाखिल किए जाने के आधार की स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। शिकायतकर्ता ने मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

