मतदाता सूची पुनरीक्षण पर राजनीतिक दलों संग बैठक, पारदर्शिता पर जोर
सीतापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन से सम्बंधित मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोल प्रेक्षक-मण्डलायुक्त लखनऊ मण्डल विजय विश्वास पंत ने किया।
बैठक में निर्वाचक नामावली के अद्यतीकरण, नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने, त्रुटि सुधार तथा पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई।
रोल प्रेक्षक ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि बूथ लेबल एजेंट के माध्यम से एसआईआर फार्म भरवाने में सहयोग करें और अधिक से अधिक नए युवा मतदाताओं को सूची में जोड़ा जाए।
बैठक के दौरान उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्र करने के निर्देश दिए तथा आपत्ति निस्तारण केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

