भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास 17 से
गोरखपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े 17 और 18 सितंबर को दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया एवं सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य व्यक्तियों से संवाद करेंगे। उनके प्रवास को लेकर भाजपा संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
प्रवास के पहले दिन 17 सितंबर को विनोद तावड़े सहजनवां विधानसभा क्षेत्र स्थित आदर्श पद्धति विद्यालय/अटल आवासीय विद्यालय में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है।
प्रवास के दूसरे दिन 18 सितंबर को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला चलेगा। सबसे पहले क्षेत्रीय स्तर की बैठक आयोजित होगी। इसमें क्षेत्रीय पदाधिकारी, समिति के सदस्य, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके बाद क्षेत्रीय मीडिया एवं सोशल मीडिया बैठक होगी। इसमें क्षेत्रीय एवं जिला मीडिया प्रभारी तथा सह प्रभारी और क्षेत्रीय एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी एवं सह प्रभारी भाग लेंगे। बैठक में संगठन की गतिविधियों, अभियानों एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बेहतर उपयोग से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।
इसके बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि बैठक में राज्यसभा एवं लोकसभा सांसदों, विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों के साथ प्रदेश प्रभारी संवाद करेंगे। इसके पश्चात पूर्व जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित होगी, जिसमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व महापौर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शामिल होंगे।
प्रवास के अगले चरण में विनोद तावड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। दो दिवसीय प्रवास के अंतिम चरण में 18 सितंबर की शाम वह अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रवास
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बुधवार काे बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का गोरखपुर प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उनके मार्गदर्शन और विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ संवाद से संगठनात्मक कार्यों को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान संगठन, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया तंत्र के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
प्रदेश प्रभारी के दो दिवसीय प्रवास की तैयारियों को लेकर क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की अध्यक्षता में क्षेत्रीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक भी हुई। बैठक में प्रवास के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

