बाल मित्र केंद्र में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
गोरखपुर, 15 मई (हि.स.)। समाधान अभियान एवं इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से संचालित “चुप्पी तोड़; हल्ला बोल” परियोजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर गोरखनाथ थाना स्थित बाल मित्र केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अभिभावकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परिजनों को बाल यौन शोषण से बचाव, (बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम) की महत्वपूर्ण जानकारी देना तथा बच्चों के साथ सकारात्मक एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने के तरीकों से अवगत कराना था। साथ ही उपस्थित परिजनों और अतिथियों को बाल मित्र केंद्र की कार्यप्रणाली एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान परिजनोंं ने थाने का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की सुरक्षा के प्रति परिवारों को संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

