home page

बलरामपुर में तेज धूप व लू से बचाव को लेकर प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे ग्रीन शेड, पेयजल की रहेगी व्यवस्था

 | 
बलरामपुर में तेज धूप व लू से बचाव को लेकर प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे ग्रीन शेड, पेयजल की रहेगी व्यवस्था


बलरामपुर 21 मई (हि.स.)। जनपद में भीषण गर्मी, तेज धूप और लू से बचाव के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ग्रीन शेड लगाने और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुश्री ज्योति राय ने दिए हैं। उन्होंने विभिन्न स्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने गुरुवार को सबसे पहले रोडवेज बस स्टॉप पहुंचकर यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया कि प्रतीक्षालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही प्रतीक्षालय के बाहर तत्काल ग्रीन शेड लगवाया जाए, जिससे बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को लू और गर्म हवाओं से राहत मिल सके। उन्होंने बस अड्डे पर हीटवेव से बचाव संबंधी बैनर लगाने तथा यात्रियों के लिए ओआरएस घोल के पैकेट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद एडीएम ने झारखंडी मंदिर परिसर, रेलवे क्रॉसिंग और वीर विनय चौक पर नगर पालिका परिषद द्वारा किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद ईओ नगर पालिका को निर्देशित किया कि झारखंडी मंदिर के पास शीतल पेयजल और ग्रीन शेड की तत्काल व्यवस्था कराई जाए। वहीं वीर विनय चौक पर टेंट और ग्रीन शेड लगाकर लोगों के लिए छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार फुलवरिया बाईपास पर भी छांव के लिए ग्रीन शेड लगाए जाने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में भी जनपद में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार अस्पतालों में कूलिंग प्वाइंट और ओआरएस कॉर्नर बनाए गए हैं, जहां लोगों को निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा जनपद के सभी नगरीय क्षेत्रों, तहसील मुख्यालयों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। हीटवेव से बचाव के लिए विभिन्न विभागों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दाेपहर में घर से बाहर निकलें। बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। जहां तक संभव हो घर में रहें और धूप से बचाव करें। बाहर निकलते समय सिर और शरीर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें तथा संतुलित एवं हल्का भोजन करें। मादक पदार्थों के सेवन से बचें।

निरीक्षण के दौरान एआरएम रोडवेज गोपीनाथ दीक्षित, ईओ नगर पालिका लाल चन्द्र मौर्य एवं आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन