home page

पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने 11 विषयों के परिणाम घोषित किए, अगले सप्ताह तक 90 फीसद रिजल्ट जारी करने की तैयारी

 | 
पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने 11 विषयों के परिणाम घोषित किए, अगले सप्ताह तक 90 फीसद रिजल्ट जारी करने की तैयारी


जौनपुर, 16 मार्च (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर (कैरी फॉरवर्ड सहित) के 11 विषयों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी लेने पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दर्शनशास्त्र, उर्दू, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, राजनीति विज्ञान, प्राचीन इतिहास, सैन्य विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, एमकॉम और वनस्पति विज्ञान विषयों के परिणाम पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि शेष विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि अगले सप्ताह तक लगभग 90 प्रतिशत विषयों के परिणाम घोषित कर दिए जाएं, जिससे छात्रों को आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बीएड और एमएड पाठ्यक्रम की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है। हालांकि कई महाविद्यालयों द्वारा प्रायोगिक और मौखिक परीक्षा के अंक समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण कुछ परिणामों में विलंब हो रहा है।इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालयों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द आंतरिक और प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक भेजने के निर्देश दिए हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन की योजना है कि प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के सभी लंबित परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को अगले सत्र की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। बड़ी संख्या में विद्यार्थी इन परिणामों का इंतजार कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव