पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर सुलतानपुर में जश्न, पटाखे फोड़े
सुलतानपुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के बेहतर प्रदर्शन पर सुल्तानपुर में जश्न मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर इस जीत का स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री और जिला प्रभारी मीना चौबे ने सोमवार को बातचीत में कहा कि इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों और जनता के उन पर विश्वास को दिया। मीना चौबे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से अत्याचार सह रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन, समाजवादी पार्टी और टीएमसी ने नारी शक्ति का उपहास उड़ाया।
श्रीमती चौबे के अनुसार, बंगाल की जनता यह सब देख रही थी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा महिलाओं के प्रति बढ़ते सम्मान के बावजूद विपक्ष ने महिलाओं को 'दोयम दर्जे का' बताने का दुस्साहस किया, जिसका जवाब उन्हें मिल गया है। उन्होंने बंगाल की पिछली स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बेटियां और आम नागरिक 'रक्तरंजित' हो रहे थे। उन्होंने भ्रष्टाचार और 'कट मनी' के कारण जनता के त्रस्त होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब बंगाल इन समस्याओं से मुक्त हो चुका है और वहां भी उत्तर प्रदेश की तरह सुशासन स्थापित होगा। अपने संबोधन में उन्होंने यह भी बताया कि वह स्वयं बंगाल में रह चुकी हैं और वहां के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि वह लगातार वहां के लोगों के संपर्क में थीं और उनके अनुसार, बंगाल का हर नागरिक चाहता था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आए ताकि गुंडागर्दी और अराजकता समाप्त हो सके।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, पूर्व मंत्री व जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी, पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी, डॉ. एमपी सिंह, रेखा निषाद आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

