पर्यावरण के लिए समर्पित है भाजपा सरकार : ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर्यावरण के लिए समर्पित है। प्रदेश में व्यापक स्तर पर एक पेड़ मां के नाम विशेष अभियान के अंतर्गत 35 करोड़ पाैधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा भी 16 लाख से अधिक पौधे लगाए गए।
रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ- 2026 के अंतर्गत बाराबंकी के रफी अहमद किदवई स्मारक जिला चिकित्सालय परिसर, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विवि एवं कुकरैल के वन क्षेत्र में पौधारोपण कर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार पूरी तरह से पर्यावरण के लिए समर्पित है। डबल इंजन की भाजपा सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद से व्यापक स्तर पर हरियाली क्षेत्र को बढ़ाने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक प्रदेश भर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का संचालन हुआ।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के इस विशेष अभियान के अंतर्गत युवाओं, महिलाओं, सीनियर सिटीजन सहित हर वर्ग के लोगों ने अपने सहभागिता दर्ज की। वन विभाग सहित तमाम सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्रों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लिया। मुख्य रूप से पीपल, बरगद, नीम, शीशम, जामुन, आम और सहजन जैसे पर्यावरण और स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधे लगाए गए।
लखनऊ की धड़कन है कुकरैल
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कुकरैल क्षेत्र लखनऊ की धड़कन है। वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश में वन क्षेत्र बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय आबादी 34 करोड़ थी और आज 140 करोड़ से अधिक है, ऐसे में वृक्षों की महत्ता बहुत अधिक बढ़ जाती है। केंद्र और प्रदेश की सरकार द्वारा वृक्षारोपण के महत्व को समझा गया। यही कारण है कि करोड़ों की तादाद में पौधों का रोपण किया जा रहा है।
पौधारोपण तक सीमित नहीं अभियान
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अतिमहत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 35 करोड़ पौधारोपण के सापेक्ष चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभागों द्वारा भी 16 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया है। इन पौधों के रोपण के साथ ही, उनकी देखभाल का जिम्मा भी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी को दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

