तालाब की जमीन पर 'कब्जे का खेल' खत्म, प्रशासन का चला बुलडोजर
सीतापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। सदरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तालाब की भूमि पर बने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। करीब 15 वर्षों से बने मकान को जेसीबी से जमींदोज कर प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि सरकारी जमीन पर कब्जा अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कस्बा सदरपुर निवासी पहाड़ी पुत्र मुन्ना ने गाटा संख्या 379 की तालाब भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर कब्जा कर रखा था। इस मामले में पूर्व में कई शिकायतें दर्ज हुईं और मामला न्यायालय तक पहुंचा। बुधवार को उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन हरकत में आया।
एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार राकेश पाल, राकेश त्रिवेदी समेत राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम में लेखपाल अजय सिंह, रंजना, प्रदीप शाह, ज्ञानेंद्र और अखिल प्रताप शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान सदरपुर व रामपुर मथुरा थानों की भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।
मौके पर पहुंचते ही प्रशासन ने स्थिति का जायजा लिया और फिर जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और तालाब की भूमि को कब्जामुक्त करा लिया गया।
तहसीलदार अनिल कुमार ने स्पष्ट कहा कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत की गई है और आगे भी सार्वजनिक भूमि, विशेषकर तालाबों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण सख्ती से हटाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप है और अन्य कब्जाधारियों में भी डर का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

