home page

जिला सैनिक बंधु की बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सुनीं पूर्व सैनिकों की समस्याएं

 | 
जिला सैनिक बंधु की बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सुनीं पूर्व सैनिकों की समस्याएं


देवरिया, 09 जुलाई (हि.स.)। जिला सैनिक बंधु की बैठक अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में गुरुवार को आयोजित हुई।

अपर जिलाधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उनके अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली तथा उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में लगभग 35 पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

इस दौरान 15 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें स्वामित्व योजना (घरौनी) के अंतर्गत ड्रोन सर्वेक्षण में हुई तकनीकी त्रुटियों के संशोधन, भूतपूर्व सैनिक के आवास के सामने इंटरलॉकिंग, ईंट बिछाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, भूमि की पैमाइश कराने, चकरोड से संबंधित विवाद तथा अन्य राजस्व प्रकरण शामिल रहे।

बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने किया।

अपर जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्रकरण भेजकर निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक