जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ रही हीट वेब : अर्पणा यू
लखनऊ, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से गुरूवार को योजना भवन में हीट वेब प्रबंधन एवं राज्य हीट एक्शन प्लान के क्रियान्वयन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव राजस्व अर्पणा यू ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण हीट वेब की तीव्रता और आवृत्ति बढ़ रही है। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश के शहरी क्षेत्रों हेतु सिटी हीट एक्शन प्लान का विकास इस आधार पर किया जाना चाहिए जिसका धरातल पर क्रियान्वयन किया जा सके। उन्होंने कहा कि हीट वेब न्यूनीकरण हेतु विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करते हुए अर्ली वार्निंग सिस्टम को और अधिक विकसित करने की आवश्यकता है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के पूर्वानुमान से इससे जनजागरूकता बढ़ाते हुए विभागीय योजनाओं में हीट एक्शन प्लान के एकीकरण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ले0 जनरल योगेन्द्र डिमरी (सेवानिवृत्त) ने अपने संबोधन में कहा कि हीट वेब के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी सरकारी, गैर सरकारी संगठनों एवं विभिन्न तकनीकी संस्थानों को मिलकर काम करने की जरूरत है। इससे आम जनमानस को लाभ होगा और हीट वेब के दुष्परिणामों को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गत वर्ष विभिन्न आपदाओं से निपटने में सभी विभागों के अथक और समर्पित प्रयास सराहनीय है। सभी मिलकर नये संकल्प के साथ कार्य करें और हीट वेब प्रबंधन एवं राज्य हीट वेब एक्शन प्लान 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को जन अभियान के रूप में अपनाएं।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी विषय विशेषज्ञों एवं हितधारकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, शहरी विकास, श्रम, पशुपालन, पंचायती राज, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपनी कार्ययोजनाओं एवं तैयारियों की प्रस्तुति भी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

