home page

जन्माष्टमी को लेकर सजी पोशाक, झूलों की दुकानें

 | 
जन्माष्टमी को लेकर सजी पोशाक, झूलों की दुकानें


हाथरस, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में जन्माष्टमी को लेकर पोशाक, झूलों की दुकानें सज गई हैं। गुरुवार को मुख्य बाजार समेत सादाबाद कस्बे में लोगों ने जमकर की खरीदारी की। बाजार में पीतल के लड्डू गोपाल भक्तों की डिमांड में रहे।

जन्माष्टमी पर्व को लेकर बाजार से लेकर मंदिरों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। बाजारों में गुरुवार को लड्डू गोपाल की मूर्तियों, पोशाक, मुकुट और झूले खरीदने के लिए भीड़ उमड़ रही है।

इस बार पीतल के लड्डू गोपाल की खास मांग देखी जा रही है। भक्त अपनी पसंद के अनुसार ठाकुरजी के लिए सुंदर पोशाक और श्रृंगार का सामान खरीद रहे हैं। दुकानदार मुरारी लाल ने बताया कि बाजार में छोटे-बड़े लड्डू गोपाल के साथ कई रंगों की पोशाक, पगड़ी, मुकुट, बांसुरी और माला जैसी चीजें उपलब्ध हैं। जन्माष्टमी के लिए अपनी दुकानों को भी अच्छे से सजाया है। गुजरात से आए सुंदर झूले और पालने भी भक्तों को खूब पसंद आ रहे हैं। लोग अपने घरों में लड्डू गोपाल को बिठाने के लिए मनपसंद झूले खरीद रहे हैं।

कस्बे के मंदिरों में भी जन्माष्टमी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर खास झांकियां सजाई जाएंगी। गुरुवार तक मंदिर परिसर को सजाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।

मुरली मनोहर मंदिर में ठाकुरजी का भव्य श्रृंगार करने और मंदिर को आकर्षक रूप देने की तैयारी चल रही है। पुसैनी मार्ग पर स्थित शनिदेव और राधा-कृष्ण मंदिर में भी विशेष तैयारियां हो रही हैं। यहां भव्य झांकियों के साथ क्षीर सागर की झांकी बनाने का काम शुरू हो गया है। मंदिरों में सजावट के लिए रंग-बिरंगी लाइटें और दूसरा सामान लगाया जा रहा है।

जन्माष्टमी को लेकर सादाबाद में भक्ति का माहौल बन गया है। मंदिर समितियां भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य बनाने में लगी हैं, वहीं दुकानदार बाजार सजाकर बिक्री की तैयारी में व्यस्त हैं। आने वाले दिनों में बाजारों में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना