जंतर मंतर पर अराजकता फैलाने के प्रयास हुए विफल : भाजपा
लखनऊ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को कहा कि जंतर-मंतर पर अराजकता फैलाने के प्रयास विफल हुए है और लोकतंत्र की जीत हुई है। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि दिल्ली में जिस प्रकार से अराजकता फैलाने की कोशिशें हो रही है ये देश को कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश के नौजवानों को, प्रदेश के लोगों को सपा प्रमुख बदनाम करने का काम कर रहे हैं इससे वे उत्तर प्रदेश की बदनामी करने का काम कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों ने, किसानों ने जो अच्छा काम किया है उसकी चर्चा कभी श्री अखिलेश यादव नहीं करते हैं, लेकिन वे उत्तर प्रदेश के लोगों को विशेषकर नौजवानों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, यह बहुत निंदनीय है।
एक प्रश्न के उत्तर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी थी कि वे अयोध्या आकर चुनाव लडे़, मुख्यमंत्री ने भी उनकी चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा कि मैं भी लडूंगा और आप भी लड़िए। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख घबराए हुए हैं उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव कहीं से भी लड़े उन्हें हार का सामना ही करना पड़ेगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन मजबूरी का गठबंधन है। ये स्वाभाविक गठबंधन नही है। नीति और रीति का गठबंधन नही है और स्वभाविक है जहां पर मजबूरी का गठबंधन होगा वहां खींचतान चलेगी ही। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-आते पूरा इंडी गठबंधन बिखर जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए विवाद पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर जनता बार-बार उससे दूरी क्यों बना रही है। चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस पार्टी को अपने अंर्तविरोधों और संगठन की स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस प्रकार से संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप-प्रत्यारोप लगाती रहती है उससे पहले उन्हें यह चिंतन करना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी कहां थी और कहां पहुंच गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार हारती जा रही है लेकिन अपने हार के कारणों पर ध्यान देने के बजाय उसका केवल एक ही उद्देश्य रह गया है कि संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर आमजन में किस तरह से भ्रम फैलाए जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

