home page

चित्रकूट में डिजिटल जनगणना शुरू, जिलाधिकारी ने दर्ज किया पहला विवरण

 | 
चित्रकूट में डिजिटल जनगणना शुरू, जिलाधिकारी ने दर्ज किया पहला विवरण


भविष्य की सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी स्व जनगणना : जिलाधिकारी

चित्रकूट, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में गुरुवार को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ की गई। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में स्वयं अपना विवरण डिजिटल पोर्टल पर दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल जनगणना की नई व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी। इससे आंकड़ों का संकलन अधिक सटीक, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से प्राप्त डेटा भविष्य की सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डीएम श्री गर्ग ने जनगणना को केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने जोर दिया कि सही और पूर्ण जानकारी से ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिलाधिकारी ने प्रगणकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी परिवार, व्यक्ति या वर्ग जनगणना से वंचित न रहे। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने बताया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक अपने परिवार एवं सामाजिक विवरण को स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता एवं प्रशासनिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्राप्त होगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर, डीआईओ एनआईसी अमित कुमार पटेल उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल