चंद्रशेखर की जयंती के शताब्दी वर्ष पर होने वाले मैराथन में पुरस्कारों की होगी बारिश
बलिया, 31 मार्च (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री युवा तुर्क चंद्रशेखर की जयंती के शताब्दी वर्ष पर 19 अप्रैल को बलिया में आयोजित 7वें चंद्रशेखर हॉफ मैराथन में इस बार पुरस्कारों की राशि बढ़ा दी गयी है। इसकी औपचारिक घोषणा राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति ने मंगलवार को किया।
राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति के सचिव उपेन्द्र सिंह ने बताया कि आयोजन समिति के संरक्षक राज्यसभा सांसद नीरज शेखर द्वारा इस बार शताब्दी जयन्ती वर्ष में विजेताओं के लिए पुरस्कार की राशि बढ़ा दी गई है। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतिभागिता के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 18 अप्रैल है।
200 रुपये एंट्री फीस निर्धारित की गई है। वहीं, धावकों को रहने और भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क मिलेगी। उन्होंने बताया कि नीरज शेखर द्वारा प्रथम विजेता को एक लाख 25 हजार रुपये पुरस्कार दिया जायेगा। वहीं, द्वितीय को 65 हजार तथा तृतीय को 35 हजार नगद पुरस्कार से नवाजा जायेगा। चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले को 18 हजार, पंचम स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार, छठवां स्थान प्राप्त करने वाले को पांच, सातवां स्थान प्राप्त करने वाले को ढाई हजार, 8वें स्थान से 15 वें स्थान के लिए दो हजार और 16वें स्थान से 30वें स्थान तक के रनर को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 11 सौ रूपये दिए जाएंगे। सद्भावना दौड़ में सभी प्रतिभागी को आकर्षक परिधान प्रदान किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से प्रतियोगिता का रजिस्ट्रेशन वेबसाइट पर प्रारम्भ हो रहा है, जो 17 अप्रैल की शाम तक होगा। खिलाड़ियों का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 18 अप्रैल को किया जायेगा। प्रतिभागियों को 18 अप्रैल को आयोजन समिति को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम बलिया में रिपोर्ट करना है। बताया कि चन्द्रशेखर जी के जन्म शताब्दी वर्ष में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैराथन के समापन पर भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

