home page

गोरखपुर में योगी सरकार ने खूब बढ़ाई कनेक्टिविटी की रफ्तार

 | 
गोरखपुर में योगी सरकार ने खूब बढ़ाई कनेक्टिविटी की रफ्तार


- सात साल में गोरखपुर में पंद्रहवें सेतु का सीएम करेंगे लोकार्पण

- इसके पहले बने 14 ओवरब्रिज/फ्लाईओवर पर आई है 1215.39 करोड़ रुपये की लागत

गोरखपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में विकास और आधुनिक कनेक्टिविटी की रफ्तार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। पिछले करीब सात वर्षों में जिले के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की कड़ी में रविवार (01 नवंबर) को एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को 59.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। यह बीते सात वर्षों में गोरखपुर को मिलने वाला 15वां सेतु (ओवरब्रिज/फ्लाईओवर) होगा।

गोरखपुर को जाम-मुक्त और तेज गति वाला शहर बनाने के लिए योगी सरकार ने सड़क और सेतु निर्माण पर विशेष फोकस किया है। भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज से पहले जिले में कुल 14 ओवरब्रिज व फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर उन्हें जनता को सौंपा जा चुका है। इन 14 पुलों के बनाने में 1215.39 करोड़ रुपये की लागत आई थी।

अब 59.44 करोड़ रुपये के भोपा बाजार ओवरब्रिज के लोकार्पण के साथ ही गोरखपुर में सात वर्षों के भीतर सेतु नेटवर्क के विकास पर कुल व्यय 1274.83 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे क्रॉसिंगों और प्रमुख मार्गों पर बने इन फ्लाईओवर्स ने न केवल शहर के भीतर की दूरी घटाई है, बल्कि जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों और पड़ोसी जनपदों से कनेक्टिविटी को भी बेहद सहज बना दिया है।

भोपा बाजार रेल समपार फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्रवासियों और दैनिक यात्रियों को वर्षों पुरानी जाम की गंभीर समस्या से निजात मिल जाएगी। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के चलते लगने वाली लंबी कतारों और समय की बर्बादी पर अब पूर्ण विराम लगेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, आपातकालीन सेवाओं और सामान्य आवागमन को सुगम गति मिलेगी।

भोपा बाजार से पहले विगत सात साल में सीएम योगी के हाथों लोकार्पित सेतु

-3 दिसंबर 2019 को पीपीगंज-मेंहदावल मार्ग के बढ़या ठाठर घाट पर सेतु, लागत 49 करोड़ 85 लाख 31 हजार रुपये।

-30 जून 2020 को सहजनवा क्षेत्र के ग्राम ढढौना से भरवलिया के बीच सेतु, लागत 12 करोड़ 32 लाख 48 हजार रुपये।

-30 जून 2020 को ग्राम गाडर एवं शाहीदबाद के मध्य सेतु, लागत 15 करोड़ 93 लाख 16 हजार रुपये।

-30 जून 2020 को चिलुआताल के कोल्हुआ घाट पर सेतु, लागत 21 करोड़ 20 लाख 84 हजार।

-7 जनवरी 2022 को राप्ती नदी के चंदा घाट पर सेतु, लागत 35 करोड़ 26 लाख 32 हजार रुपये।

-5 जुलाई 2021 को चौरीचौरा-सरदार नगर के मध्य समपार संख्या 149ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 21 करोड़ 27 लाख 8 हजार रुपये।

-5 जुलाई 2021 को चौरीचौरा-गौरी बाजार के मध्य समपार संख्या 145ई पर रेल ओवरब्रिज, लागत 25 करोड़ 24 लाख 94 हजार रुपये।

-18 अगस्त 2022 को घाघरा नदी के कम्हरिया घाट पर सेतु, लागत 117 करोड़ 84 लाख 50 हजार रुपये।

-9 अप्रैल 2023 को कुआनो नदी के बनकटा घाट पर सेतु, लागत 15 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये।

-6 सितंबर 2024 को बालापार टिकरिया मार्ग पर समपार संख्या 6 स्पेशल पर रेल ओवरब्रिज, लागत 84 करोड़ 87 लाख 58 हजार रुपये।

-19 दिसंबर 2025 को गोरखपुर-डोमिनगढ़ स्टेशन के मध्य क्रासिंग संख्या 162ए पर रेल ओवरब्रिज, 137 करोड़ 83 लाख 28 हजार रुपये।

-27 जनवरी 2026 को खजांची चौराहा पर फ्लाईओवर, लागत 96 करोड़ 50 लाख 28 हजार रुपये।

-27 जनवरी 2026 को बरगदवा चौराहा से फर्टिलाइजर मार्ग स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 5ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 152 करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपये।

-23 जुलाई 2026 को टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर, लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय