home page

गीता पाठ चुनाव के लिए नहीं, सनातन के प्रति जागरूकता के लिए : ज्ञानानंद महाराज

 | 
गीता पाठ चुनाव के लिए नहीं, सनातन के प्रति जागरूकता के लिए : ज्ञानानंद महाराज


कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। सनातन संस्कृति की गहराई और आध्यात्मिक विचारों को समाज तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों का एक मंच पर जुटना हमारी सांस्कृतिक विरासत और एकता का संदेश देता है। गीता का पाठ किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि लोगों को सनातन और आध्यात्मिक जीवन से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया है। यह बातें शुक्रवार को हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में महामंडलेश्वर गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने पत्रकारों से बातचीत में कहीं।

पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले गीता पाठ और सत्संग के आयोजनों को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में धार्मिक कथाओं और सत्संग का सिलसिला नया नहीं है। पिछले चार वर्षों से लगातार ऐसे आयोजन होते आ रहे हैं। प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जहां कथा और सत्संग न होते हों। इसे चुनाव से जोड़कर देखना उचित नहीं है।

जेन- जी और जेन- अल्फा के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि ये नाम भारतीय संस्कृति की मूल अवधारणाओं का हिस्सा नहीं हैं। आज सोशल मीडिया के प्रभाव और शिक्षा के साथ संस्कारों में आ रही कमी पर ध्यान देने की जरूरत है। परिवारों का वातावरण सात्विक होना चाहिए। इससे युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे और अपने नैतिक मूल्यों को समझ सकेंगे।

कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से भगवान कृष्ण के लिए टेढ़े-मेढ़े शब्द के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि शब्दों के चयन में कुछ टेढ़ा-मेढ़ा हो गया होगा, लेकिन उनकी भावनाएं ऐसी नहीं थीं।

मेले के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी एवं सामूहिक गीता पाठ का विषय 'भगवद्गीता : तनाव से आत्म संतुलन की ओर' रखा गया। कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता अवनीश त्रिपाठी, कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार गुप्ता, अध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल और विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर संजीव गुप्ता मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप