home page

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जौनपुर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ

 | 
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जौनपुर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ


केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जौनपुर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ


जौनपुर,17 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उप्र के जाैनपुर जनपद में बुधवार को विकास भवन परिसर के सामने तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने किया।

प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों के दौरान संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को चित्रों एवं सूचना पटलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही जनपद में हुए प्रमुख विकास कार्यों को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है।

प्रदर्शनी में अवसंरचना विकास के तहत निर्माणाधीन पांच फैमिली कोर्ट भवन, केराकत एवं शाहगंज के नौली में अग्निशमन केंद्रों के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। वहीं “खेलेगा जौनपुर, जीतेगा उत्तर प्रदेश” थीम के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम में विकसित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक एवं खेल सुविधाओं के विस्तार को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। इसके अलावा बदलापुर में 5.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बस स्टेशन सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई है।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना तथा कोविड काल में निःशुल्क वैक्सीन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव