कृषि विश्वविद्यालय बांदा का 12वां दीक्षांत समारोह 12 अगस्त को, 250 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां
बांदा, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह आगामी 12 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कृषि प्रसार वैज्ञानिक एवं पूर्व सदस्य योजना आयोग डॉ. वी.वी. सदामते समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। डॉ. वी.वी. सदामते ने कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) में प्रधान सलाहकार के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा विश्व बैंक द्वारा पोषित जलागम परियोजना में कृषि विशेषज्ञ के तौर पर भी कार्य किया है।
विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में इस वर्ष कुल 250 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें कृषि, उद्यान, वानिकी एवं सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालयों के 187 स्नातक विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा 37 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और 26 पीएच.डी. शोधार्थियों को भी उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. एस.के. सिंह ने रविवार काे बताया कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इस वर्ष 6 स्वर्ण, 6 रजत और 6 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक स्नातक विद्यार्थी को कुलाधिपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू के मार्गदर्शन में इस वर्ष दीक्षांत समारोह की व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। सभी विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां मुख्य अतिथि द्वारा दीक्षांत मंच से ही प्रदान की जाएंगी।
12वें दीक्षांत समारोह की एक खास बात यह भी होगी कि सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षक पारंपरिक भारतीय परिधान में समारोह में शामिल होंगे। छात्रों के लिए कुर्ता और पगड़ी, जबकि छात्राओं के लिए साड़ी और पगड़ी निर्धारित की गई है। इससे दीक्षांत समारोह में भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

