home page

कृषि योजनाओं एवं छात्रवास निर्माण के लिए 49.81 करोड़ आवंटित

 | 

लखनऊ,16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के कृषि क्षेत्र को उन्नत करने और शिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण और तकनीकी सुधारों के साथ-साथ छात्र कल्याण के लिए छात्रावास निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जायद-2025 में गन्ना फसल के साथ दलहनी फसलों की अंतः फसली खेती को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत दलहन बीज मिनीकिट वितरण एवं प्रसार कार्यक्रम योजना में 28.78 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे किसानों की आय और उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित होगी।

कृषि निदेशालय के अनुसार प्रदेश की मृदा परीक्षण क्षमताओं को बढ़ाने के लिए तहसील स्तरीय प्रयोगशालाओं में कार्यरत संविदा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया गया है। राज्य योजना के अंतर्गत संचालित मृदा स्वास्थ्य का सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम के लिए 15.39 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के मुख्य परिसर में 250 क्षमता के पुरुष छात्रावास के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। छात्रावास निर्माण की कुल लागत 23.18 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 5.63 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त, कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा निदेशालय द्वारा कृषि आंकड़ों में सुधार के लिए प्रायोजना के अंतर्गत 0.01 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन