home page

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई प्रवक्ता भर्ती प्रारंभिक परीक्षा, 3438 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

 | 
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई प्रवक्ता भर्ती प्रारंभिक परीक्षा, 3438 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा


औरैया, 14 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती प्रारंभिक परीक्षा-2025 रविवार को जनपद के नौ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा एक ही पाली में आयोजित की गई, जिसमें कुल 3438 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई थी।

रविवार सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच की गई। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुबह 8:45 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। इससे कई देर से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को बाहर ही लौटना पड़ा।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल के साथ-साथ सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी और केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए की गई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

जनपद में नगर पालिका इंटर कॉलेज औरैया, तिलक इंटर कॉलेज औरैया, जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग, श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल, जिला पंचायत इंटर कॉलेज मुरादगंज समेत कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा नकल की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आयोग की मंशा के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार