home page

आग में जलकर बेटी की शादी का सामान व पिता का अरमान खाक

 | 
आग में जलकर बेटी की शादी का सामान व पिता का अरमान खाक


फर्रुखाबाद, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गुसरापुर गांव में सोमवार देर रात एक किसान के घर अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस भीषण आग में हजारों रुपये का घरेलू सामान और बेटी की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

गांव निवासी पातीराम के घर बीती रात करीब 11 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटें तेज हो गईं और घर में रखा सामान जलने लगा। इस आग की घटना में करीब 50 हजार रुपये की नकदी, घरेलू उपयोग का सामान और पातीराम की पुत्री गीता की शादी के लिए रखा दहेज का सामान फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन सहित अन्य जरूरी घरेलू उपकरण जलकर खाक हो गए।

पीड़ित पातीराम ने बताया कि उनकी बेटी गीता की शादी जून माह में तय है और वह काफी समय से शादी की तैयारियों में जुटे थे। इस आग ने उनकी सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया और परिवार को गहरा आर्थिक और मानसिक आघात पहुंचा है।

आग की लपटे देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

ग्राम प्रधान अमन कुमार अवस्थी ने मंगलवार को घटना पर दुख जताते हुए बताया कि पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि बेटी की शादी में कोई बाधा न आए।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आग से हुई क्षति का आंकलन कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar