home page

अवैध खनिज परिवहन में अनियमितता पाए जाने पर कुशीनगर खान अधिकारी निलंबित

 | 

लखनऊ, 19 जून (हि.स.)। अवैध खनिज परिवहन में अनियमितता पाए जाने पर कुशीनगर खान अधिकारी अभिषेक सिंह को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संस्तुति की गई है। प्रकरण में निहित धनराशि की नियमानुसार वसूली किए जाने के लिए जिलाधिकारी, कुशीनगर को आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।

सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश माला श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी, कुशीनगर एवं ज्येष्ठ खान अधिकारी/प्रभारी कमांड सेंटर, मुख्यालय के माध्यम से कराई गई गहन जांच में जनपद कुशीनगर में अवैध खनिज परिवहन से संबंधित प्रकरणों में अनियमितताएं प्रकाश में आई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अवैध खनिज परिवहन के संबंध में जारी किए गए चालानों एवं नोटिसों को खान अधिकारी, कुशीनगर अभिषेक सिंह द्वारा बिना किसी वैध आधार एवं पर्याप्त साक्ष्य के निरस्त किया गया। प्रारंभिक जांच में संबंधित अधिकारी द्वारा अपने दायित्वों के समुचित निर्वहन में लापरवाही बरते जाने तथा संदिग्ध सत्यनिष्ठा के संकेत पाए गए। उपरोक्त तथ्यों के आधार पर अभिषेक सिंह, खान अधिकारी, कुशीनगर को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन