home page

अलविदा, ईद एवं नवरात्र पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील

 | 

गोरखपुर, 19 मार्च (हि.स.)। अलविदा, ईद-उल- फितर एवं नवरात्र पर्व को देखते हुए गोरखनाथ थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने किया। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों मस्जिदों के ईमाम, पार्षदों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।

एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा ने लोगो से अपील की है कि सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करते हुए ही पर्वों को मनाएं। दोनों समुदायों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाए। कानून व्यवस्था खराब करने वालों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने कहा कि बाज़ारों भीड़ भाड़ वाली जगहों और मंदिरों के आसपास पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। हर गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नज़र बनी हुई है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सभी मोहल्ले में पुलिस के जवान पेट्रोलिंग करते रहेंगे अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी सभी लोग भाईचारे के साथ पर्व मनाए अलविदा और ईद की नमाज मस्जिदों में ही अदा करें, सड़क पर नमाज पढ़ने पर करवाई की जाएगी। ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

बैठक में मौजूद लोगों ने भी अपने विचार रखे तथा ईद के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखने जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। हिन्दू मुस्लिम एकता के संरक्षक शाकिर अली सलमानी ने कहा कि हम को इस बात का ख्याल रखना होगा कि हम ईरान इसराइल युद्व से संबंधित किसी प्रकार की नारेबाजी न करें, हम भारत के नागरिक हैं हमें भारत की मिट्टी से मोहब्बत है विदेश में क्या हो रहा है हमे इससे मतलब नहीं रखना चाहिए, खासकर युवा वर्ग कोई ऐसा काम न करे जिससे उनको परेशानियों का सामना करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय