home page

अतिक्रमण के नाम पर हंगामा करना पड़ेगा महंगा, प्रवर्तन दल में हुई महिलाओं की तैनाती

 | 
अतिक्रमण के नाम पर हंगामा करना पड़ेगा महंगा, प्रवर्तन दल में हुई महिलाओं की तैनाती


मुरादाबाद, 13 मई (हि.स.)। अतिक्रमण के नाम पर हंगामा या फिर विरोध प्रदर्शन करना महंगा पड़ सकता है। नगर निगम के प्रवर्तन दल में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की तैनाती की जा चुकी है। प्रवर्तन दल में शामिल की गई महिला कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निगम अधिकारियों के मुताबिक महिलाओं की तैनाती से न सिर्फ कार्रवाई में तेजी आएगी, बल्कि टीम में शामिल लोगों का व्यवहार संवेदनशील होगा।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बुधवार को बताया कि पहले चरण में आधा दर्जन महिलाओं की तैनाती की गई है। शेष छह महिलाएं भी इसी माह ज्वाइन कर लेंगी। महिलाओं की तैनाती से प्रवर्तन दल में संख्या बढ़कर 40 तक पहुंच जाएगी। प्रमुख बाजारों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अभियान के दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों में असहज स्थिति बन जाती है। इसी को देखते हुए 12 महिलाओं की तैनाती का निर्णय लिया गया था।

प्रवर्तन दल में शामिल की गई महिला कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे वह कानून व्यवस्था, संवाद और कार्रवाई, तीनों स्तर पर प्रभावी ढंग से काम कर सकें। आउट सोर्सिंग के जरिए सभी महिलाओं की तैनाती की गई है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के मुताबिक महिलाओं की तैनाती से शहर में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल