home page

युवाओं के मुद्दों पर सरकार घिरी, बदलाव का दावा: पंकज अवाना

 | 
युवाओं के मुद्दों पर सरकार घिरी, बदलाव का दावा: पंकज अवाना


कानपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रसंघ चुनाव जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने में विफल रही है। यह बातें रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।

आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।

साथ ही बताया कि संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत करने के लिए नई टीम का गठन किया जा रहा है।

आप के कानपुर जिला अध्यक्ष अनुज शुक्ला ने आरोप लगाया कि शहर की बदहाल सड़कें और अन्य जनसमस्याओं को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कानपुर हमेशा बदलाव का संदेश देने वाला शहर रहा है और संगठन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विस्तार कर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक मुकेश झा ने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बंद होने से युवाओं को नेतृत्व विकसित करने का अवसर नहीं मिल रहा है। उनका कहना था कि छात्र राजनीति लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए छात्रसंघ चुनाव जल्द कराए जाने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप