home page

बालकनी में फंदा लगाकर बैठा युवक, मुकदमा दर्ज होने के बाद नीचे उतरा

 | 
बालकनी में फंदा लगाकर बैठा युवक, मुकदमा दर्ज होने के बाद नीचे उतरा


कानपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्योरी गांव में मंगलवार को एक युवक ने घर की पहली मंजिल की बालकनी में फंदा लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने परिवार को घर के अंदर कर मुख्य दरवाजा बंद कर लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब छह घंटे तक बातचीत कर उसे समझाया। युवक की तहरीर पर ग्राम प्रधान और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया।

सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर कृष्णकान्त यादव ने बताया कि युवक ने कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए बालकनी पर चढ़कर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उससे बातचीत कर नीचे उतरने के लिए समझाया। युवक की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद उसे एफआईआर की प्रति दिखाई गई, जिस पर वह बालकनी से नीचे उतर आया। लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि युवक का करीब एक साल से ग्राम प्रधान और कुछ अन्य लोगों से विवाद चल रहा था। युवक ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने और मारपीट किए जाने के आरोप भी लगाए थे। आज उसने पत्नी और तीन बच्चों को घर के अंदर कर मुख्य गेट बंद किया और पहली मंजिल की बालकनी में पहुंचकर रस्सी बांध ली।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम भी बुलाई गई। पुलिसकर्मियों ने लगातार युवक से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक ने अपने पुराने विवाद से जुड़े कुछ ऑडियो भी सुनाए।

काफी देर तक चले समझाने के प्रयास के बाद पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद युवक नीचे उतर आया। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप